logo

जमशेदपुर में बर्थडे पार्टी के शोर पर खूनी विवाद, चापड़-भुजाली से हमला, 3 घायल

KNIFE1.jpg

जमशेदपुर
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी में तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. मामला शनिवार रात की है. जहां पड़ोसियों के बीच बढ़े तनाव ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों पर चापड़ और भुजाली से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घायलों की पहचान छोटू नाग, मनोज नाग और सुनीता नाग के रूप में हुई है. सभी को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर स्थिर बताई जा रही है.
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को पड़ोसी बबलू मछुआ के घर बर्थडे पार्टी के दौरान देर रात तक तेज आवाज में गाना बजाया जा रहा था. शोर-शराबे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और साउंड कम करने की हिदायत दी थी. इसी बात को लेकर आरोपियों को संदेह हुआ कि शिकायत पड़ोसी नाग परिवार की ओर से की गयी है. शनिवार दोपहर इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जिसकी शिकायत पुलिस से भी की गयी थी. लेकिन विवाद थमा नहीं और रात करीब 9 बजे घटना ने हिंसक रूप ले लिया.
बताया जाता है कि मनोज नाग जेम्को बस स्टैंड से घर लौट रहे थे, तभी बबलू मछुआ, कृष्ण मछुआ और भीम मछुआ अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचे और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया. मनोज को बचाने पहुंचे छोटू नाग और उनकी पत्नी सुनीता नाग पर भी आरोपियों ने लाठी-डंडे और चापड़-भुजाली से हमला कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गये. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

 

Tags - jamshedpur news updates Latest jamshedpur news jamshedpur news Updates birhday party fight in jamshedpur jamshedpur Birthday party Fight birthday Party Fight news jamshedpur News updates latest jamshedpur news